कांग्रेस के पूर्व मेयर प्रत्याशी संदीप सहगल ने आरओबी का निरीक्षण कर उसकी बदहाली पर उठाए सवाल

काशीपुर। कांग्रेस के पूर्व मेयर प्रत्याशी एडवोकेट संदीप सहगल ने आज रोडवेज बस स्टैंड के समीप रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) का निरीक्षण कर उसकी बदहाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरओबी के नीचे नगर निगम द्वारा कराए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्य को भी जनता के धन का दुरुपयोग बताया। संदीप सहगल ने कहा कि भारी मशक्कत के बाद काशीपुर को आरओबी की सौगात मिली और लंबे इंतजार के बाद इसका निर्माण पूरा हुआ, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता और मौजूदा स्थिति गंभीर सवाल खड़े कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय शायद इस आरओबी को उसकी बदहाली के लिए याद रखेगा। उन्होंने काशीपुर विधानसभा क्षेत्र में पिछले 25 वर्षों से चीमा परिवार के राजनीतिक प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि इतने लंबे समय में क्षेत्र को केवल एक आरओबी मिला, वह भी अव्यवस्थित हालत में। उन्होंने दावा किया कि आरओबी पर भारी वाहनों के संचालन पर सवाल उठते रहे हैं, इसके बावजूद डंपर दौड़ते नजर आते हैं। बार-बार होने वाली मरम्मत इसकी स्थिति को स्पष्ट करती है। सहगल ने आरओबी के नीचे नगर निगम द्वारा कराए जा रहे सौंदर्यीकरण पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब आरओबी की हालत खराब है और मरम्मत की जरूरत है, तब उसके नीचे करोड़ों रुपये खर्च कर सौंदर्यीकरण कराया जाना प्राथमिकताओं पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने इसे सरकारी धन का दुरुपयोग बताया। उन्होंने आरओबी की मरम्मत के चलते पांच दिन यातायात बंद किए जाने से शहर में जगह-जगह लग रहे जाम पर भी चिंता जताई। सहगल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मामले का संज्ञान लेकर आरओबी की गुणवत्ता और सरकारी धन के उपयोग की जांच कराने तथा जनता को राहत दिलाने की मांग की।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment