सीएम धामी ने आठ लाख स्कूली बच्चों से किया संवाद, त्योहारों पर स्वच्छता और स्थानीय उत्पादों को दिया बढ़ावा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास से ‘दिल की बात, अंकल धामी के साथ’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के करीब आठ लाख स्कूली बच्चों से वर्चुअल संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज की शुभकामनाएं देते हुए त्योहारों के महत्व और सामाजिक जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी। संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से उनके परिवार, पढ़ाई और दीपावली की तैयारियों के बारे में बातचीत की। उन्होंने कहा कि त्योहार केवल खुशियां मनाने का अवसर नहीं होते, बल्कि परिवार और समाज को एकजुट करने के साथ हमारी सांस्कृतिक परंपराओं और विरासत को आगे बढ़ाने का माध्यम भी हैं। मुख्यमंत्री ने बच्चों से दीपावली के अवसर पर घर की साफ-सफाई में परिवार का सहयोग करने और स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने बच्चों को मिट्टी के दीये जलाने और स्थानीय कुम्हारों एवं कारीगरों द्वारा तैयार किए गए उत्पाद खरीदने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को अपनाने से पारंपरिक कारीगरों और छोटे व्यवसायियों की आजीविका को मजबूती मिलेगी तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बच्चों को सुरक्षित दीपावली मनाने की सलाह देते हुए पटाखों से दूर रहने और दीये एवं फुलझड़ियां जलाते समय बड़ों की देखरेख में रहने को कहा। मुख्यमंत्री ने संवाद के दौरान बच्चों को उत्तराखंड के विकास में अपनी भूमिका निभाने के लिए भी प्रेरित किया। इस अवसर पर बच्चों ने प्रदेश के विकास को लेकर अपने विचार और सुझाव साझा किए। मुख्यमंत्री ने बच्चों के विचारों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि नई पीढ़ी की सकारात्मक सोच और सक्रिय भागीदारी से राज्य के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण संभव है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment