मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भोपाल पहुंचकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी को दी श्रद्धांजलि, शोकाकुल परिवार से की मुलाकात

भोपाल। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भोपाल पहुंचकर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास पर उनसे मुलाकात की और उनकी दिवंगत माताजी काशी बाई चौहान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिवराज सिंह चौहान और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने इस दुखद घड़ी में शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस संबंध में सोशल मीडिया पर भी अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने बताया कि भोपाल में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास पर पहुंचकर उनकी पूज्य माताजी स्वर्गीय काशी बाई को श्रद्धासुमन अर्पित किए। साथ ही शिवराज सिंह चौहान और उनके परिजनों से भेंट कर इस कठिन समय में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने प्रार्थना की कि ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य दें। उन्होंने अपने संदेश में ‘ॐ शांति’ लिखकर दिवंगत काशी बाई चौहान को नमन किया। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी काशी बाई चौहान का पिछले दिनों भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में उपचार के दौरान निधन हो गया था। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर फैल गई थी। इसके बाद से ही विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख हस्तियों द्वारा चौहान परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की इस मुलाकात के दौरान उन्होंने परिवार के प्रति अपनी संवेदनशीलता व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment