जौलजीबी (पिथौरागढ़)। विधायक हरीश धामी ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर कहा कि यदि तैश में आकर उनसे कोई गलतियां हुई हैं तो वह इसके लिए जनता से माफी मांगते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका माइक मुख्यमंत्री और सरकार के कहने पर बंद किया गया। अपने वीडियो संदेश में विधायक धामी ने कहा कि उनके संगठन द्वारा विरोध करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन उनका मानना था कि जौलजीबी मेले में अतिथि देवो भव की भावना का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा था कि कार्यक्रम उनकी अध्यक्षता में आयोजित हो रहा है और वह अपने संबोधन में क्षेत्र की समस्याएं रखने के साथ-साथ जिन बातों का विरोध करना है, उन्हें भी जाहिर करेंगे। विधायक के अनुसार, पहले केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने संबोधन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन दिन पूर्व फुलतड़ी में सड़क के कारण आठ वर्षीय बालक की मौत होने के बावजूद केंद्रीय राज्यमंत्री ने इस घटना पर एक शब्द भी नहीं कहा और अपनी सड़कों की उपलब्धियां गिनाते रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने संबोधन किया और जब उनकी बारी आई तो माइक बंद कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब मुख्यमंत्री और सरकार के कहने पर हुआ। अपने संदेश में विधायक धामी ने कहा कि वह धारचूला और मुनस्यारी की स्वाभिमानी जनता के प्रतिनिधि हैं और जनता के स्वाभिमान के साथ कोई समझौता नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का यह जौलजीबी मेले का अंतिम उद्घाटन है। विधायक ने मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि उनमें दम है तो वह 2027 का चुनाव धारचूला से लड़कर दिखाएं। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जिस सीट से चुनाव लड़ेंगे, यदि वह उन्हें चुनौती देते हैं तो वह उसी सीट से चुनाव लड़कर उन्हें पटखनी देंगे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
