काशीपुर। ग्राम पिपलिया स्थित एक फ्रोजन मटर प्लांट में मरम्मत कार्य के दौरान गैस का रिसाव हो गया गैस की दुर्गंध फैलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एहतियात के तौर पर काम बंद करा दिया। सुरक्षा के मद्देनजर एनडीआरएफ भी मौके पर पहुंची है। बीती रात डायल-112 पर सूचना मिली कि ग्राम पिपलिया स्थित फ्रोजन मटर प्लांट में अमोनिया गैस का रिसाव हो रहा है। सूचना मिलते ही सुल्तानपुर पट्टी चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह मोबाइल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्लांट के मेंटिनेंस मैनेजर सूर्यांश शर्मा ने पुलिस को बताया कि प्लांट में टीन शेड और पाइपलाइन समेत अन्य मरम्मत कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया। वातावरण में तेज दुर्गंध फैलते ही काम तत्काल रोक दिया गया। चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि काम बंद कराने के बाद गैस का रिसाव थम गया और वातावरण से दुर्गंध भी समाप्त हो गई। घटना में किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। प्लांट की तकनीकी जांच के लिए कंट्रोल रूम के माध्यम से एनडीआरएफ को सूचना दे दी गई जिसके बाद एन डी आर एफ की टीम सुरक्षा उपकरणों के साथ रिसाव के वास्तविक कारणों की जांच करेगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
