उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर रजत जयंती उत्सव के तहत एक भव्य ड्रोन लाइट शो का आयोजन किया, जिसने सभी दर्शकों का मन मोह लिया। इस शो में करीब 300 ड्रोन ने एक साथ उड़ान भरते हुए उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक पहचान और प्राकृतिक सौंदर्य का अद्भुत संगम आकाश में उकेरा। कार्यक्रम की शुरुआत “देवभूमि उत्तराखंड” को समर्पित दृश्य से हुई, जिसमें भगवान शिव की जटाओं से गंगा के अवतरण का मंत्रमुग्ध कर देने वाला चित्रण किया गया। इसके बाद 25 वर्षों की राज्य की गौरवशाली यात्रा को खूबसूरत आकृतियों के माध्यम से दर्शाया गया। ड्रोन ने आकाश में “ओम गैलेक्सी”, “त्रिशूल”, “डमरू” जैसी दिव्य आकृतियाँ बनाकर आध्यात्मिक भावना को जीवंत कर दिया, वहीं केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के प्रतीकात्मक चित्रों ने देवभूमि की धार्मिक आस्था को और भी उजागर किया। पूरा आसमान रंग-बिरंगी रोशनी, मधुर संगीत और लयबद्ध गतियों से ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो उत्तराखंड की आत्मा स्वयं नृत्य कर रही हो। इस अनोखे आयोजन ने दर्शकों को न केवल भावनात्मक रूप से जोड़ दिया बल्कि राज्य की तकनीकी प्रगति और सांस्कृतिक समृद्धि का भी प्रतीक बन गया। यूकाडा द्वारा आयोजित यह ड्रोन शो रजत जयंती उत्सव का मुख्य आकर्षण बना, जिसने देवभूमि की गौरवशाली पहचान को आकाश में उजागर करते हुए एक नया इतिहास रच दिया।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
