मुख्य सेवक सदन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड परिवहन निगम के बेड़े में 100 साधारण, 10 वातानुकूलित और 2 वोल्वो बसों को शामिल किया गया। इस अवसर पर परिवहन निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का फोकस राज्य में सुरक्षित, सुदृढ़ और विश्वसनीय सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने पर है, ताकि आम जनता को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 का पहला दिन परिवहन निगम के लिए एक शुभ और सकारात्मक शुरुआत लेकर आया है। नई बसों के शामिल होने से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए आवागमन और भी आसान होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां अत्यंत कठिन हैं और कई क्षेत्रों में परिवहन सेवाएं ही लोगों की जीवनरेखा हैं, ऐसे में मजबूत परिवहन व्यवस्था राज्य के विकास के लिए आवश्यक है।मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक, श्रद्धालु और चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्री पहुंचते हैं। नई बसों के संचालन से इन सभी यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और समयबद्ध परिवहन सुविधा मिलेगी। साथ ही परिवहन निगम के चालक, परिचालक, अधिकारी और कर्मचारी कठिन परिस्थितियों में सेवा देते हैं, और निगम उनके लिए रोजगार का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है। सरकार परिवहन निगम को लगातार सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि आमजन का भरोसा और सुविधा दोनों और मजबूत हो सकें।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
