19 अगस्त से भराड़ीसैंण में होगा मानसून सत्र, लगभग 5000 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश करेगी सरकार

उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा में आगामी 19 अगस्त से मानसून सत्र का आगाज़ होगा। इस दौरान प्रदेश सरकार विभिन्न विभागों की वित्तीय आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए लगभग पांच हजार करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट सदन में पेश करेगी।शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी से वर्चुअल माध्यम से कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की। बैठक की शुरुआत उत्तरकाशी और पौड़ी जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके उपरांत वित्त विभाग ने मानसून सत्र के दौरान अनुपूरक बजट लाने का प्रस्ताव मंत्रिमंडल के समक्ष रखा, जिसे विभागवार चर्चा के बाद मंजूरी दे दी गई।अनुपूरक बजट का अनुमान लगभग 5000 करोड़ रुपये लगाया गया है, जिससे राज्य सरकार विभिन्न विभागों की जरूरी योजनाओं व आवश्यक खर्चों को पूरा करेगी।कैबिनेट बैठक में सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने धराली और पौड़ी जिले के सैंजी गांव में आई आपदा से जुड़े राहत और बचाव कार्यों का प्रस्तुतिकरण दिया। मुख्यमंत्री धामी बीते तीन दिनों से उत्तरकाशी में डटे हुए हैं और लगातार धराली क्षेत्र का दौरा कर प्रभावित लोगों से मिल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने राहत कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ कैबिनेट बैठक में भी वर्चुअल माध्यम से भाग लिया।कैबिनेट बैठक में देहरादून से पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, वन मंत्री सुबोध उनियाल, पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा तथा ग्राम्य विकास एवं कृषि मंत्री गणेश जोशी भी वर्चुअली शामिल हुए।विधानसभा सचिवालय 19 से 22 अगस्त तक आहूत इस मानसून सत्र की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। भराड़ीसैंण विधानसभा एक बार फिर राज्य की महत्वपूर्ण नीतिगत चर्चाओं और वित्तीय निर्णयों का साक्षी बनने जा रही है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment