उत्तराखंड बोर्ड रिजल्ट में छात्राओं का दबदबा, हाईस्कूल 92.10% और इंटर 85.11% रहा परिणाम

रामनगर/देहरादून। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा घोषित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में इस बार भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छात्रों को पीछे छोड़ दिया है। हाईस्कूल का कुल परीक्षाफल 92.10 प्रतिशत रहा, जबकि इंटरमीडिएट का परिणाम 85.11 प्रतिशत दर्ज किया गया।आंकड़ों के अनुसार, हाईस्कूल में 96.07 प्रतिशत छात्राएं सफल रहीं, जबकि छात्रों का परिणाम 88.03 प्रतिशत रहा। वहीं इंटरमीडिएट में भी छात्राओं का दबदबा कायम रहा, जहां उनका परीक्षाफल 88.09 प्रतिशत रहा, जबकि छात्रों का परिणाम 81.93 प्रतिशत दर्ज किया गया।ये रहे टॉपर:हाईस्कूल परीक्षा में एनपी इंटर कॉलेज रामनगर के अक्षत गोपाल ने 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। इंटरमीडिएट में सरस्वती विद्या मंदिर बागेश्वर की गीतिका पंत और भंगाराम अमर इंटर कॉलेज भूरारानी (ऊधमसिंह नगर) की सुशीला मेहदीरत्ता ने 98.0 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से टॉप किया। ऋषिकेश के आर्यन दूसरे और हरिद्वार की वंशिका तीसरे स्थान पर रहीं।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेधावी छात्रों से फोन पर बात कर उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने हाईस्कूल के टॉपर्स अक्षत गोपाल, इशांत कोठारी, भूमिका और योगेश जोशी से संवाद कर उनकी उपलब्धि की सराहना की। इसके साथ ही इंटरमीडिएट के टॉपर्स गीतिका पंत, सुशीला मेहदीरत्ता, आर्यन और वंशिका को भी शुभकामनाएं दीं।मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए उनके योगदान की सराहना की।इसी क्रम में पौड़ी जिले के जनता इंटर कॉलेज पोखरीखेत की छात्रा महक ने इंटरमीडिएट में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में सातवां स्थान हासिल किया। इससे पहले भी वह हाईस्कूल में 95.80 प्रतिशत अंकों के साथ मेरिट सूची में स्थान बना चुकी हैं।इस वर्ष कुल 2,15,252 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें हाईस्कूल के 1,12,266 और इंटरमीडिएट के 1,02,986 छात्र-छात्राएं शामिल रहे। परीक्षा के लिए प्रदेश भर में 1,261 केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 156 संवेदनशील और 6 अति संवेदनशील केंद्र शामिल थे।बोर्ड ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, जिनके माध्यम से छात्र रिजल्ट, स्क्रूटनी और सुधार परीक्षा से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।कुल मिलाकर, इस वर्ष का परिणाम छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन और बढ़ती शैक्षणिक प्रतिस्पर्धा को दर्शाता है, जो राज्य की शिक्षा गुणवत्ता में सुधार का संकेत भी माना जा रहा है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment