नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस नेता एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री और राज्य सरकार पर की गई टिप्पणी पर कड़ा जवाब दिया है। नैनीताल क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सहित देश में राहुल गांधी को गंभीरता से नहीं लिया जाता।मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को स्वयं भी यह स्पष्ट नहीं होता कि वे कब और क्या बयान दे देते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “लॉन्चिंग और रिलॉन्चिंग” के लंबे दौर के बावजूद राहुल गांधी अब तक राजनीतिक रूप से प्रभावी नेतृत्व स्थापित नहीं कर पाए हैं।सीएम धामी ने आगे कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी ने कई मौकों पर सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों पर सेना के साहस, पराक्रम और शौर्य पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने विदेशों में जाकर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया।मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कांग्रेस द्वारा देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत और भारतीय सेना पर की गई टिप्पणियां अनुचित और अमर्यादित रही हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री का विरोध करते-करते कांग्रेस अब देश विरोधी रुख तक पहुंच गई है।धामी ने कहा कि इन कारणों से राहुल गांधी की राजनीतिक विश्वसनीयता पर सवाल उठते हैं और जनता अब कांग्रेस को जवाब देने के लिए तैयार है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
