दन्या (अल्मोड़ा)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को दन्या में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी दी। इससे पूर्व उन्होंने दन्या महाविद्यालय का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को महत्वपूर्ण शैक्षिक सौगात दी।जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने “हर-हर महादेव” और “जय श्रीराम” के उद्घोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने क्षेत्र की जनता की भारी उपस्थिति और उत्साह को देखकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का यह स्नेह और विश्वास सरकार को विकास कार्यों के लिए नई ऊर्जा प्रदान करता है।मुख्यमंत्री ने जागेश्वर विधायक मोहन सिंह महरा की सराहना करते हुए उन्हें युवा, ऊर्जावान और विकास के प्रति समर्पित जनप्रतिनिधि बताया। उन्होंने कहा कि विधायक लगातार क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत रहते हैं। साथ ही उन्होंने “टीम जागेश्वर” को एक मजबूत और सक्रिय टीम बताते हुए उसकी कार्यशैली की प्रशंसा की।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को विकास के नए आयामों तक पहुंचाना है और इसके लिए जनप्रतिनिधियों तथा जनता के सहयोग से लगातार कार्य किए जा रहे हैं। जनसभा के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
