बच्चों के बीच पहुंचे सीएम धामी, सेल्फी ली और मेहनत, अनुशासन व ईमानदारी का दिया सफलता का मंत्र

रामनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रामनगर दौरे के दौरान बच्चों से आत्मीय मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। अहाना रिजॉर्ट के हेलीपैड पर मुख्यमंत्री ने सुरक्षा घेरा छोड़कर बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे बातचीत की। इस दौरान बच्चों ने मुख्यमंत्री के साथ जमकर सेल्फी और समूह तस्वीरें खिंचवाईं। मुख्यमंत्री ने बच्चों की पढ़ाई, उनकी रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में भी जानकारी ली।मुख्यमंत्री धामी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन, कड़ी मेहनत, ईमानदारी और सकारात्मक सोच ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य को स्पष्ट रखने तथा माता-पिता, शिक्षकों और बड़ों का सम्मान करने की सीख दी।उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे पाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं, तो जीवन में कोई भी मंजिल कठिन नहीं होती। बच्चों ने भी मुख्यमंत्री के साथ बिताए इन यादगार पलों का भरपूर आनंद लिया और उनसे बातचीत कर अपनी खुशी व्यक्त की।इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत अहाना रिजॉर्ट हेलीपैड पहुंचे, जहां जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मंडलायुक्त दीपक रावत, आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र से पहुंचे लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment