देहरादून। उत्तराखंड के चंपावत जनपद के लटोली गांव निवासी भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी को देश के प्रति उनकी असाधारण एवं विशिष्ट सैन्य सेवाओं के लिए परम विशिष्ट सेवा मेडल (पीवीएसएम) से सम्मानित किया गया है। 29 जून को आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें इस प्रतिष्ठित सैन्य अलंकरण से सम्मानित किया। लेफ्टिनेंट जनरल गजेंद्र जोशी ने अपने लंबे सैन्य जीवन के दौरान श्रीलंका में ऑपरेशन पवन, पूर्वोत्तर भारत में आतंकवाद विरोधी अभियानों तथा जम्मू-कश्मीर में ऑपरेशन रक्षक सहित कई महत्वपूर्ण सैन्य अभियानों में उल्लेखनीय नेतृत्व प्रदान किया। उन्होंने भारतीय सेना की प्रतिष्ठित स्ट्राइक वन कोर के कमांडर तथा महू स्थित इन्फैंट्री स्कूल के कमांडेंट के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। इससे पूर्व भी उनकी उत्कृष्ट सैन्य सेवाओं, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण के लिए उन्हें अति विशिष्ट सेवा मेडल (एवीएसएम) और सेना मेडल (एसएम) से सम्मानित किया जा चुका है। परम विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित होने पर प्रदेश में खुशी की लहर है और इसे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
