हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 को दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। हरिद्वार जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा देश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें हर वर्ष लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचकर गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के प्रशासन के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की निर्बाध आवाजाही के लिए तैयार की गई कार्ययोजना का समय रहते परीक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सुविधाएं, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, विश्राम स्थलों सहित सभी मूलभूत सुविधाएं पूरी तरह दुरुस्त रहनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और पूरे मेले का संचालन सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सफल ढंग से संपन्न हो।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
