राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को मिलेगी सीधी सरकारी नौकरी, सीएम धामी ने नई खेल नीति के दिए निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में खेलों को नई दिशा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय खेल नीति-2025 के अनुरूप नई राज्य खेल नीति तैयार करने के निर्देश दिए हैं। सचिवालय में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सीधे सरकारी नौकरी प्रदान की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आउट ऑफ टर्न नियुक्ति पाने वाले अधिकतर खिलाड़ियों को खेल विभाग में ही समुचित अवसर उपलब्ध कराने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य खेल विश्वविद्यालय, गोलापार (हल्द्वानी) में आगामी माह से शैक्षणिक सत्र शुरू कराने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रवेश प्रक्रिया के साथ-साथ कोच, अधिकारी एवं कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाई जाए, ताकि विश्वविद्यालय समय पर संचालित हो सके। उन्होंने ‘एक ब्लॉक-एक मिनी स्टेडियम’ योजना के तहत प्रस्तावित मिनी स्टेडियमों के निर्माण कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से राष्ट्रीय खेलों के बाद तैयार की गई खेल अवसंरचना के प्रभावी उपयोग के लिए लेगेसी प्लान पर तेजी से कार्य करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून, हल्द्वानी के गोलापार स्टेडियम, रुद्रपुर वेलोड्रोम, टिहरी झील तथा हरिद्वार और पिथौरागढ़ स्थित स्टेडियमों में विकसित खेल सुविधाओं को खिलाड़ियों के लिए अधिक उपयोगी बनाया जाए। साथ ही 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान विकसित किए गए बुनियादी ढांचे के रखरखाव के लिए भी प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। बैठक में खेल मंत्री रेखा आर्या, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह, संयुक्त निदेशक शक्ति सिंह, उप निदेशक नीरज गुप्ता, सहायक निदेशक राजेश ममंगाई सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment