UTU पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई, शिवालिक कॉलेज का सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (UTU) की सेमेस्टर परीक्षा के पेपर लीक मामले में दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उन्होंने परीक्षा आयोजित होने से पहले छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप में ऐसे प्रश्न साझा किए थे, जो बाद में वास्तविक प्रश्नपत्र से काफी हद तक मेल खाते पाए गए। इस मामले ने प्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।पुलिस के अनुसार मामले की शुरुआत विश्वविद्यालय को परीक्षा के बाद प्राप्त एक ई-मेल शिकायत से हुई। शिकायत में दावा किया गया था कि तीन जुलाई को आरोपी सहायक प्रोफेसर ने छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप में परीक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न भेजे थे। आठ जुलाई को परीक्षा सम्पन्न होने के बाद जब इन प्रश्नों का वास्तविक प्रश्नपत्र से मिलान किया गया तो दोनों में काफी समानता पाई गई।शिकायत के बाद उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय ने तत्काल एक आंतरिक जांच समिति गठित की। जांच में यह सामने आया कि आरोपी ने परीक्षा से पूर्व छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप के साथ-साथ कॉलेज के आंतरिक पोर्टल पर भी परीक्षा से संबंधित प्रश्न साझा किए थे। समिति की रिपोर्ट के आधार पर कॉलेज प्रबंधन ने सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को सेवा से बर्खास्त कर दिया तथा विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस को सौंप दी।दून पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पेपर लीक की इस घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे, प्रश्नपत्र किस प्रकार बाहर पहुंचा और क्या यह किसी बड़े संगठित नेटवर्क का हिस्सा था। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों, व्हाट्सएप चैट, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की भी गहन जांच कर रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और छात्रों के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत की जाएगी।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment