काशीपुर। किसान विकास क्लब के तत्वावधान में सरकारी धान खरीद सत्र 2026-27 के लिए किसान पंजीकरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में डिप्टी आरएमओ दिनेश चंद्र एवं एसएमओ अतुल चतुर्वेदी के निर्देशन में किसानों के धान तौल हेतु पंजीकरण किए गए।किसान विकास क्लब के प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की यह सराहनीय पहल है कि पहले जहां धान खरीद के लिए पंजीकरण अक्टूबर माह में शुरू होता था, वहीं इस वर्ष जुलाई माह से ही पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इससे किसानों को समय रहते अपना पंजीकरण कराने का अवसर मिलेगा, भीड़भाड़ से राहत मिलेगी और उनका समय भी बचेगा। डिप्टी आरएमओ दिनेश चंद्र ने बताया कि सरकार का लक्ष्य धान ऽरीद वर्ष 2026-27 के लिए किसानों का पंजीकरण 1 अक्टूबर 2026 से पहले पूर्ण कराना है। उन्होंने कहा कि समय से पंजीकरण होने पर बाद में आने वाली तकनीकी एवं दस्तावेज संबंधी समस्याओं का समाधान भी पहले ही किया जा सकेगा, जिससे धान खरीद प्रक्रिया सुचारु और पारदर्शी ढंग से संचालित होगी। एसएमओ अतुल चतुर्वेदी ने किसानों से अपील की कि वे पंजीकरण के समय आवश्यक दस्तावेज जैसे खतौनी, बैंक खाता विवरण, आधार कार्ड एवं पैन कार्ड पहले से तैयार रखे, ताकि पंजीकरण में किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें सरकारी योजना का समय पर लाभ मिल सके।शिविर में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। इस अवसर पर रवि कुमार सिंह, सरदार अर्जुन सिंह, टिक सिंह सैनी, लक्ष्मीकांत शर्मा, संदीप चतुर्वेदी, उपेंद्र शर्मा, सत्यम शर्मा, अजय कपूर, प्रशांत शर्मा, अमनदीप संधू तथा दलजिंदर सिंह सहित अनेक किसान एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
