काशीपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शिकायत मिलने के बाद आज आवास-विकास मोड़ और चौती चौराहा क्षेत्र में फास्ट फूड विक्रेताओं के खिलाफ निरीक्षण अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान आवास-विकास क्षेत्र में आठ फास्ट फूड विक्रेता बिना खाद्य विभाग के लाइसेंस के कारोबार करते पाए गए।वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह ने बताया कि बीते दिनों आवास-विकास क्षेत्र के लोगों ने विभाग से फास्ट फूड विक्रेताओं के संबंध में शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर की गई जांच में आठ दुकानदारों के पास वैध फूड लाइसेंस नहीं मिला। सभी को नोटिस जारी कर पांच दिन के भीतर लाइसेंस बनवाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में लाइसेंस प्रस्तुत नहीं करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान चौती चौराहा स्थित दो दुकानों से दाल और धनिया पाउडर के नमूने भी लिए गए। इन नमूनों को गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए ऐसे निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। साथ ही खाद्य कारोबारियों से नियमों का पालन करते हुए आवश्यक लाइसेंस और मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की गई है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
