1 सितंबर से शुरू होगा खेल महाकुंभ-2026, तैयारियों में जुटा प्रशासन; अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी पर जोर

रुद्रपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर में आगामी 1 सितंबर से आयोजित होने वाले खेल महाकुंभ-2026 की तैयारियों को लेकर विकास भवन में परियोजना निदेशक डीआरडीए हिमांशु जोशी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में न्याय पंचायत, विधानसभा और संसदीय क्षेत्र स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।परियोजना निदेशक हिमांशु जोशी ने सभी खेल समितियों को शीघ्र बैठक कर खेल मैदान चिन्हित करने, तिथिवार रोस्टर तैयार करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को प्रत्येक खेल स्थल पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।बैठक में निर्देश दिए गए कि सभी स्तरों पर निर्धारित समयानुसार खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं तथा प्रतियोगिता के दौरान जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए। मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारियों को प्रार्थना सभाओं, पोस्टर, बैनर और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक बच्चों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रतियोगिताओं में पर्याप्त तकनीकी स्टाफ और निर्णायकों की तैनाती कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी आयोजन कराने पर जोर दिया गया।जिला युवा कल्याण अधिकारी बी.एस. रावत ने बताया कि खेल महाकुंभ-2026 का आयोजन युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा शिक्षा विभाग के सहयोग से किया जा रहा है। इसका उद्देश्य राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना, युवाओं एवं दिव्यांग खिलाड़ियों को खेलों के प्रति आकर्षित करना, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान करना तथा उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है।उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में केवल उत्तराखंड के स्थायी निवासी खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे। अंडर-14 वर्ग में 11 से 14 वर्ष तथा अंडर-19 वर्ग में 15 से 19 वर्ष आयु के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे, जबकि दिव्यांग वर्ग की प्रतियोगिताएं ओपन श्रेणी में आयोजित होंगी।खेल महाकुंभ के अंतर्गत न्याय पंचायत स्तर पर कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो और मुर्गा झपट प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। विधानसभा स्तर पर इन खेलों के साथ वॉलीबॉल और पिट्टू को शामिल किया गया है, जबकि संसदीय क्षेत्र स्तर पर कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, मुर्गा झपट, वॉलीबॉल, पिट्टू, मलखंभ, रस्साकशी, कंचा, फुटबॉल और बैडमिंटन सहित कुल 11 खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।विजेता खिलाड़ियों को मेडल, प्रमाण पत्र और नकद पुरस्कार डीबीटी (DBT) के माध्यम से प्रदान किए जाएंगे। खिलाड़ियों का पंजीकरण ऑनलाइन माध्यम से किया जा रहा है।बैठक में एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र मिश्रा, जिला पंचायतराज अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी हिमांशु कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी एवं निकाय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment