शिक्षिका सृष्टि कंडारी मौत मामला: पति और ननद गिरफ्तार, दहेज हत्या के आरोप में पुलिस की कार्रवाई

देहरादून। शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में डोईवाला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दहेज हत्या के आरोप में पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को हर्रावाला क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी डोईवाला के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था।जानकारी के अनुसार, श्रीनगर गढ़वाल के श्रीकोट निवासी सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी। सौरभ सचिवालय में निजी सचिव के पद पर कार्यरत है, जबकि सृष्टि शिक्षिका (प्रवक्ता) थीं। शादी के करीब तीन महीने बाद सौरभ के पिता का हार्ट अटैक से निधन हो गया था।बताया जा रहा है कि 29 जुलाई को सृष्टि कंडारी की मौत हो गई। मौत से पहले बनाए गए कथित वीडियो में सृष्टि की आवाज में अपनी पीड़ा और मानसिक स्थिति का जिक्र सामने आया है।मृतका की मां सीमा कंडारी, निवासी श्रीकोट, पौड़ी गढ़वाल ने कोतवाली डोईवाला में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को ससुराल पक्ष द्वारा मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि सृष्टि को दहेज की मांग को लेकर परेशान किया जाता था तथा उसे अपशकुन और मनहूस कहकर प्रताड़ित किया जाता था। परिवार में होने वाली किसी भी अनहोनी के लिए भी उसे जिम्मेदार ठहराया जाता था।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि 29 जुलाई को उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। मृतका की मां ने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी, ननद चारू तथा अन्य परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसांई ने बताया कि मृतका की मां की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में जांच जारी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि प्रकरण के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment