उत्तराखंड की 10 सरकारी वेबसाइटों पर साइबर हमला, मालवेयर अटैक के बाद कई घंटे सेवाएं रहीं प्रभावित

देहरादून। उत्तराखंड में शनिवार को सीएम रिलीफ फंड समेत 10 सरकारी विभागों की वेबसाइटें साइबर हमले की चपेट में आ गईं। मालवेयर अटैक का पता चलते ही संबंधित वेबसाइटों को एहतियातन बंद करना पड़ा। सूचना मिलते ही आईटीडीए (ITDA) की साइबर सुरक्षा टीम सक्रिय हुई और कई घंटे की मशक्कत के बाद बैकअप के माध्यम से अधिकांश वेबसाइटों का संचालन दोबारा शुरू कर दिया। हालांकि खबर लिखे जाने तक सीएम रिलीफ फंड की वेबसाइट पूरी तरह सुचारू नहीं हो सकी थी।जानकारी के अनुसार, शनिवार को अचानक हुए मालवेयर अटैक के बाद आईटीडीए में हड़कंप मच गया। साइबर सुरक्षा टीम ने तुरंत जांच शुरू की और प्रभावित वेबसाइटों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया, ताकि किसी प्रकार के डेटा नुकसान या सुरक्षा जोखिम से बचा जा सके।आईटीडीए अधिकारियों के अनुसार, वर्ष 2024 में हुए बड़े साइबर हमले के बाद सभी महत्वपूर्ण वेबसाइटों का नियमित बैकअप रखा जा रहा था। इसी कारण बैकअप की मदद से कुछ घंटों के भीतर अधिकांश वेबसाइटों का संचालन बहाल कर दिया गया। प्रारंभिक आशंका है कि मालवेयर का स्रोत रूस हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।साइबर हमले से प्रभावित विभागों में सीएम रिलीफ फंड, लोक निर्माण विभाग, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा अभिकरण, राज्य कर विभाग, ईएसआईसी, परिवहन विभाग और पर्यटन विभाग सहित कुल 10 विभागों की वेबसाइटें शामिल रहीं।गौरतलब है कि अक्टूबर 2024 में उत्तराखंड अब तक के सबसे बड़े साइबर हमले का सामना कर चुका है। उस दौरान सीएम हेल्पलाइन सहित करीब 90 सरकारी वेबसाइटें पूरी तरह ठप हो गई थीं। कई दिनों की तकनीकी मशक्कत के बाद सेवाओं को बहाल किया गया था। अधिकारियों का मानना है कि उसी घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने के कारण इस बार संभावित बड़े नुकसान को समय रहते टाल लिया गया।आईटीडीए के जीएम (साइबर सिक्योरिटी) अमित जोशी ने बताया कि एक मालवेयर की पहचान कर उसे निष्क्रिय किया गया और वेबसाइटों का संचालन फिर से शुरू कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के साइबर हमलों से बचाव के लिए विभाग की टीम लगातार निगरानी और सुरक्षा उपायों पर कार्य कर रही है।वहीं आईटीडीए के निदेशक आलोक पांडे ने बताया कि कुछ विभागों की वेबसाइटों पर मालवेयर अटैक हुआ था, जिसे तकनीकी टीम ने शीघ्र ही दूर कर लिया और सेवाओं को सामान्य कर दिया।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment