काशीपुर। विद्युत विभाग द्वारा चोरी के लिए चलाए जा रहे अभियान में अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग कर चार परिसरों में बिजली चोरी पकड़ी। विभाग की तहरीर पर पुलिस ने सभी मामलों में मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। टीमों ने मौके से बिजली चोरी में इस्तेमाल किए जा रहे केबल भी बरामद किए हैं।विद्युत वितरण उपखड काशीपुर ग्रामीण के उपखड अधिकारी दीप चंद्र पांडे के नेतृत्व में 11 अगस्त को विद्युत चेकिंग के दौरान हेमपुर स्माइल निवासी जागन सिंह व हिम्मतपुर निवासी किरण पत्नी अनिल एवं यहीं की विनोद सिंह पुत्र भगवंत के परिसर में बिजली चोरी पकड़ी। टीम ने तीनों मामलों में केबल उतारकर कब्जे में ली। वहीं 12 अगस्त को विद्युत वितरण उपखड काशीपुर शहरी की उपखड अधिकारी ई- महक मिश्रा की टीम ग्राम बरखेड़ा पांडे में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची थी। नसीम अहमद के परिसर की जांच के दौरान दो विद्युत केबल के माध्यम से घरेलू बिजली चोरी पकड़ी गई। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद फिरोज अहमद, फिजा और साहीरून द्वारा विभागीय टीम के साथ कथित रूप से गाली-गलौज की गई। तहरीर के अनुसार आरोप है कि उन्होंने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए टीम को जान से मारने की धमकी भी दी। विद्युत विभाग की ओर से चारों मामलों में पुलिस को तहरीर दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बरामद केबलों को कब्जे में लेकर सील कर दिया गया है। विभाग ने बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
