रुद्रपुर। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में आगामी 12 सितम्बर 2026, द्वितीय शनिवार को जनपद ऊधम सिंह नगर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ममता पंत ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्वाधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ऊधम सिंह नगर द्वारा 12 सितम्बर 2026 को प्रातः 10 बजे से सांय 05 बजे तक राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की जाएगी। इसका आयोजन रूद्रपुर स्थित जिला न्यायालय के साथ-साथ वाह्य स्थित दीवानी न्यायालयों काशीपुर, खटीमा, बाजपुर, जसपुर, सितारगंज एवं किच्छा में भी किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से प्री-लिटीगेशन के वादों का निस्तारण किया जाएगा, जिनमें भरण-पोषण, धन वसूली, श्रम विवाद, विद्युत एवं जलकर बिलों से संबंधित मामले, धारा 138 एनआई एक्ट के मामले, अपराधिक शमनीय एवं सिविल मामले शामिल हैं। इसके अतिरिक्त न्यायालयों में लंबित शमनीय प्रकृति के आपराधिक वाद/अपराध, धारा 138 एनआई एक्ट, धन वसूली, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, श्रम विवाद, विद्युत एवं जल कर बिल से संबंधित मामले, वैवाहिक मामले जिनमें तलाक के मामले शामिल नहीं हैं, भूमि अधिग्रहण, भुगतान एवं भत्तों से संबंधित सर्विस के मामले, जिला न्यायालय में लंबित राजस्व वाद, मोटर वाहन अधिनियम के शमनीय अपराधों के चालान तथा सिविल मामलों में किरायेदारी, सुखाधिकार एवं व्यादेश से संबंधित मामलों का निस्तारण किया जाएगा। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ममता पंत ने आमजन से अपील की है कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और निर्धारित अवसर का उपयोग करते हुए संबंधित मामलों का निस्तारण कराने के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रतिभाग करें।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
