एसआईआर के बाद मतदाता सूची से नाम हटने पर कांग्रेस ने जताई चिंता

देहरादून। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद प्रदेश की मतदाता सूची से करीब नौ लाख गैर-मतदाताओं के नाम हटाए जाने को लेकर कांग्रेस ने पात्र नागरिकों के नाम सूची से बाहर रह जाने की आशंका जताई है। पूर्व विधायक एवं प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष राजकुमार के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीवीआरसी पुरुषोत्तम से मुलाकात कर मतदाता सूची से संबंधित विभिन्न समस्याओं को उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि एसआईआर के दौरान किसी त्रुटि के कारण यदि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची से बाहर हो गए हैं तो उनकी दोबारा जांच की जानी चाहिए और पात्र लोगों को नाम जुड़वाने के लिए पर्याप्त अवसर दिया जाना चाहिए। राजकुमार ने विशेष रूप से राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र का मामला उठाते हुए कहा कि एसआईआर के बाद क्षेत्र के 39,046 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में नाम हटने के बाद यह सुनिश्चित किया जाना जरूरी है कि कोई पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रह जाए। प्रतिनिधिमंडल ने मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाले फार्म-6 में आ रही तकनीकी और व्यावहारिक दिक्कतों का मुद्दा भी मुख्य निर्वाचन अधिकारी के सामने रखा। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि बड़ी संख्या में लोग मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन के तरीके से पूरी तरह परिचित नहीं हैं। ऐसे में निर्वाचन विभाग की ओर से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाना चाहिए, ताकि पात्र नागरिक आसानी से आवेदन कर सकें। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि एसआईआर के बाद बड़ी संख्या में नाम हटाए गए हैं, इसलिए पात्र नागरिकों के नाम दोबारा मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाया जाना चाहिए।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment