देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक नरेंद्र मोदी की यात्रा राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई प्रधानमंत्री की जनसेवा की यात्रा आज देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के संकल्प के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवा उत्थान, आधुनिक बुनियादी ढांचे के विकास और देश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को विशेष प्राथमिकता मिली है। उन्होंने कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने की सोच प्रधानमंत्री के जनकल्याणकारी दृष्टिकोण को दर्शाती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और राष्ट्रीय गौरव के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित की है। उनके मार्गदर्शन में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के साथ वैश्विक स्तर पर भी अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तराखंड सरकार भी राज्य को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश में विकास योजनाओं को गति देने, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने, युवाओं के लिए अवसर बढ़ाने और धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने को राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के प्रति निरंतर समर्पण की महत्वपूर्ण यात्रा बताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन से उत्तराखंड को भी विकास के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए उन्हें राष्ट्रसेवा की यात्रा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
