काशीपुर। महानगर किसान कांग्रेस ने किसानों के सरकारी क्रय केंद्रों पर धान की खरीद तत्काल शुरू कराने, ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने, बारिश से फसलों को हुए नुकसान का मुआवजा देने सहित पांच प्रमुख मांगों को लेकर आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा। महानगर किसान कांग्रेस अध्यक्ष परम सिद्धू के नेतृत्व में किसान कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम के स्टेनो सूरज पाल को सौंपते हुए किसानों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। किसान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं की तो किसानों के हित में आंदोलन किया जाएगा।ज्ञापन में परम सिद्धू ने कहा कि धान खरीद का सरकारी सत्र शुरू होने के बावजूद अभी तक सरकारी तौल केंद्रों पर खरीद शुरू नहीं हो पाई है। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है और उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से तत्काल सरकारी क्रय केंद्रों पर धान की खरीद शुरू कराने की मांग की। किसान कांग्रेस ने ट्यूबवेल के भारी-भरकम बिजली बिलों को माफ करने की मांग भी उठाई। किसान नेताओं ने कहा कि खेती की लगातार बढ़ती लागत के कारण किसानों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। वहीं, हाल में हुई अत्यधिक बारिश से फसलों को हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की गई। इसके अलावा किसान कांग्रेस ने गन्ने का मूल्य बढ़ाकर 700 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने तथा गेहूं की बुवाई के सीजन को देखते हुए किसानों को पर्याप्त मात्रा में समय पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की। किसान नेताओं ने कहा कि खेती-किसानी से जुड़ी इन समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि किसानों को आर्थिक संकट से राहत मिल सके। इस अवसर पर किसान कांग्रेस अध्यक्ष परम सिद्धू, अनुपम शर्मा, हरदेव सिंह हैरी, उमेश जोशी एडवोकेट, संदीप सहगल एडवोकेट, मुशर्रफ हुसैन, जितेंद्र सरस्वती, राजू छीना, राशिद फारुकी, गोरख चौधरी, चंद्रभूषण अग्रवाल, अनमोल सिंह, अफसर अली, भूपेंद्र सिंह, विश्वजीत सिंह, शाह आलम, राकेश भगत, वसीम राजा, सादान इकबाल, मंसूर अली मंसूरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
