देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। चयनित अभ्यर्थियों में 13 बेटियां भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश की अन्य बेटियों को भी सरकारी सेवाओं में आने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि नायब तहसीलदार राजस्व प्रशासन की अहम कड़ी हैं और उनके कार्यों का सीधा संबंध आम लोगों की जमीन, आजीविका और अधिकारों से होता है। इसलिए नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से जुड़े मामलों का समय पर और सावधानीपूर्वक निस्तारण किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व संबंधी कार्यों में आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की समस्याओं पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ करने की अपेक्षा की, ताकि आम लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
