देहरादून। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के देवभूमि उत्तराखंड आगमन पर शनिवार सुबह जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत किया गया। उपराष्ट्रपति विशेष विमान से दिल्ली से देहरादून पहुंचे, जहां राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।उपराष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर देहरादून एयरपोर्ट सहित आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। उनके आगमन से एक दिन पूर्व ही पुलिस, प्रशासन और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर रहीं। एयरपोर्ट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही थी। सुरक्षा एजेंसियों ने प्रवेश और निकास बिंदुओं पर सघन जांच अभियान चलाया, जिससे किसी भी तरह की चूक की संभावना न रहे।एयरपोर्ट पर औपचारिक स्वागत के बाद उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन सड़क मार्ग से देहरादून के लिए रवाना हो गए। उनके दौरे के दौरान राजधानी में विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, जिनको लेकर प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर सरकारी और प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियों के चलते व्यवस्था पूरी तरह सुचारू नजर आई।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
