देहरादून। उपनल कर्मचारियों के लिए बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने समान कार्य–समान वेतन को लेकर शासनादेश जारी कर दिया है। इस फैसले से प्रदेश के आठ हजार से अधिक उपनल कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा, जिन्होंने 10 वर्ष की निरंतर सेवा पूरी कर ली है।इस महत्वपूर्ण निर्णय के बाद उपनल कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियों ने सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी से उनके कैंप कार्यालय में भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने 10 वर्ष की सेवा पूर्ण करने वाले उपनल कर्मियों को समान कार्य–समान वेतन का लाभ दिए जाने पर मंत्री गणेश जोशी का आभार व्यक्त किया।सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने उपनल कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह निर्णय कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि धामी सरकार कर्मचारी हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और उनके कल्याण के लिए निरंतर ठोस फैसले ले रही है।मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उपनल कर्मियों ने वर्षों से राज्य के विभिन्न विभागों में महत्वपूर्ण सेवाएं दी हैं और सरकार उनकी मेहनत और योगदान को सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है। समान कार्य–समान वेतन का यह आदेश न केवल आर्थिक राहत देगा, बल्कि कर्मचारियों के मनोबल को भी मजबूत करेगा।सरकार के इस फैसले से उपनल कर्मचारियों में खुशी की लहर है और इसे धामी सरकार का कर्मचारी हितैषी कदम माना जा रहा है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
