बागेश्वर। जिले में पिछले दो दिनों से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ है, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ किसानों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार दोपहर करीब एक बजे अचानक आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। इसके बाद कपकोट के उच्च हिमालयी क्षेत्रों समेत धूर और सोराग इलाके में जबरदस्त ओलावृष्टि हुई, जिससे खेतों में खड़ी फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है।इन दिनों पहाड़ों में गेहूं की कटाई और मड़ाई का कार्य जोरों पर चल रहा है, वहीं सब्जी उत्पादन भी अपने चरम पर है। ऐसे समय में हुई ओलावृष्टि और लगातार बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। कई किसानों की तैयार फसलें बर्बाद हो गई हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।मौसम के इस अचानक बदलाव का असर आम लोगों पर भी साफ देखने को मिल रहा है। लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के चलते दैनिक कार्य प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा शादी-विवाह के इस सीजन में भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह मौसम सामान्य और सुहावना रहता है, लेकिन दोपहर होते-होते अचानक तेज हवाएं और बारिश शुरू हो जाती है, जिससे स्थिति और अधिक चुनौतीपूर्ण हो जाती है। मौसम की इस अनिश्चितता ने जहां किसानों की चिंता बढ़ा दी है, वहीं प्रशासन के सामने भी हालात को संभालने की चुनौती खड़ी कर दी है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
