काशीपुर। नगर के जीजीआईसी कॉलेज के समीप लगा एक जर्जर विद्युत पोल स्थानीय लोगों के लिए बड़ी चिंता का कारण बना हुआ है। राहागीरो ने बताया है कि लंबे समय से यह विद्युत पोल पूरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़ा है और कभी भी गिर सकता है, जिससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय नागरिकों के अनुसार उक्त मार्ग पर दिनभर भारी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है। आसपास विद्यालय, दुकानें एवं आवासीय क्षेत्र होने के कारण छात्राओं, राहगीरों और वाहन चालकों को हमेशा खतरा बना रहता है। लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को इसकी सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। नागरिकों ने बताया कि विद्युत पोल नीचे से काफी कमजोर हो चुका है तथा उसमें दरारें साफ दिखाई दे रही हैं। बरसात और तेज हवाओं के दौरान स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते पोल को नहीं बदला गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखने को मिल रही है। उनका कहना है कि अक्सर विभागीय अधिकारी किसी दुर्घटना के बाद ही सक्रिय होते हैं। लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर प्रशासन और निगम प्रशासन की नींद कब खुलेगी। क्षेत्रवासियों ने तत्काल जर्जर विद्युत पोल को हटाकर नया पोल लगाए जाने की मांग की है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
