बदरीनाथ। बदरीनाथ धाम में आयोजित दो दिवसीय ‘देवभूमि सांस्कृतिक समारोह’ के दूसरे दिन रविवार को श्रद्धा, संस्कृति और लोक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान बदरीनाथ भगवान के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे। कार्यक्रम के बीच मुख्यमंत्री धामी ने एक नन्ही श्रद्धालु को अपनी गोद में उठाकर स्नेह जताया, जिसका दृश्य लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा।भारतीय सेना और जिला प्रशासन चमोली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस दो दिवसीय सांस्कृतिक समारोह की थीम ‘हमारी विरासत, हमारा भविष्य’ रखी गई है।

समारोह का उद्देश्य उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ना है।समारोह में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, कलाकारों, महिला स्वयं सहायता समूहों तथा स्थानीय उद्यमियों ने भी प्रतिभाग किया। आयोजन के दौरान उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराओं से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों ने माहौल को जीवंत बनाया। समारोह के माध्यम से स्थानीय कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और उद्यमिता को भी प्रोत्साहित किया गया।बदरीनाथ धाम में आयोजित यह समारोह धार्मिक आस्था के साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और विरासत को सामने लाने का अवसर बना। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी और विभिन्न वर्गों की सहभागिता से आयोजन में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
