देहरादून। उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत सोमवार से प्रदेशभर में मतदाताओं को गणना फार्म वितरित करने का कार्य शुरू किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने सभी मतदाताओं से अभियान को सफल बनाने के लिए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) का सहयोग करने की अपील की है।मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सभी 11,733 बीएलओ को गणना फार्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। विशेष अभियान के तहत राज्य के प्रत्येक मतदाता तक गणना फार्म पहुंचाया जाएगा, जिससे मतदाता सूची को और अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाया जा सके।उन्होंने बताया कि आगामी 7 जुलाई तक चलने वाले इस एक माह के अभियान के दौरान बीएलओ घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से गणना फार्म प्राप्त करेंगे और उन्हें बीएलओ एप के माध्यम से डिजिटाइज करेंगे। इससे मतदाता संबंधी सूचनाओं का ऑनलाइन संकलन और सत्यापन आसान होगा।मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ऐसे मतदाता जो नौकरी, व्यवसाय या अन्य कारणों से दिन के समय घर पर उपलब्ध नहीं रहते हैं, वे निर्वाचन आयोग की विशेष सुविधा “बुक ए कॉल विद बीएलओ” का लाभ उठा सकते हैं। इस सुविधा के माध्यम से मतदाता अपने संबंधित बीएलओ के साथ सुविधानुसार संपर्क स्थापित कर सकते हैं।उन्होंने बताया कि इसके लिए मतदाता निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जाकर मोबाइल एप डाउनलोड कर सकते हैं तथा एक क्लिक के माध्यम से अपने बीएलओ के साथ कॉल बुक कर सकते हैं। इससे मतदाताओं को गणना फार्म भरने और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में सुविधा होगी।निर्वाचन विभाग ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे इस विशेष पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहभागिता करें और सही एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने में सहयोग प्रदान करें।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
