रुद्रपुर। बाल श्रम उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत श्रम विभाग ने रुद्रपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ऑटोमोबाइल वर्कशॉप से 14 वर्ष से कम आयु के बाल श्रमिक को रेस्क्यू किया है। गुरुवार को श्रम प्रवर्तन अधिकारी रुद्रपुर के नेतृत्व में बाल श्रम के विरुद्ध सघन अभियान चलाया गया, जिसमें बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की टीम तथा जिला टास्क फोर्स के सदस्य भी शामिल रहे। अभियान के दौरान रुद्रपुर बाजार क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों और व्यावसायिक इकाइयों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एक ऑटोमोबाइल वर्कशॉप में एक बालक कार्य करते हुए पाया गया। जांच में उसकी आयु 14 वर्ष से कम पाई गई, जिसके बाद बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम, 2016 के तहत तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्चे को कार्यस्थल से मुक्त कराकर सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। श्रम विभाग ने संबंधित नियोजक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। श्रम विभाग ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों और नियोजकों से अपील की है कि वे 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों को किसी भी प्रकार के कार्य में नियोजित न करें तथा 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों को खतरनाक उद्योगों और प्रक्रियाओं में कार्य पर न लगाएं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बाल श्रम संबंधी कानूनों का उल्लंघन पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
