देहरादून। वन विभाग में बड़े स्तर पर स्थानांतरण करते हुए 110 वन आरक्षियों और 45 वन दरोगाओं के तबादले किए गए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अधिकांश स्थानांतरण कर्मचारियों द्वारा दिए गए अनुरोध पत्रों तथा स्थानांतरण समिति की संस्तुतियों के आधार पर किए गए हैं। बताया गया है कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, पारिवारिक परिस्थितियों और अन्य व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए बड़ी संख्या में वन कर्मियों ने स्थानांतरण के लिए आवेदन किया था, जिन पर नियमानुसार विचार करते हुए कार्रवाई की गई। मुख्य वन संरक्षक प्रसन्न पात्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तराखंड लोक सेवकों के लिए वार्षिक स्थानांतरण अधिनियम-2017 के तहत गठित समिति की संस्तुति के आधार पर यह स्थानांतरण किए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी तरह निर्धारित नियमों और पारदर्शी व्यवस्था के तहत संपन्न की गई है। साथ ही विभाग ने फायर सीजन को ध्यान में रखते हुए संबंधित नियंत्रक अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्थानांतरित कार्मिकों को 30 जून के बाद कार्यमुक्त किया जाए तथा इसकी अनुपालन आख्या भी उपलब्ध कराई जाए। विभागीय सूत्रों के अनुसार आगामी दिनों में आवश्यकता के आधार पर वन विभाग में और भी स्थानांतरण किए जा सकते हैं। इससे विभागीय कार्यों के बेहतर संचालन और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान में मदद मिलेगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
