हल्द्वानी। नैनीताल रोड स्थित एक लग्जरी स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे देह व्यापार के कारोबार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर महिला मैनेजर समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि छह युवतियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित संरक्षण में भेजा गया है।पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम तिकोनिया स्थित गुरु हरिकिशन कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल पर संचालित एमजे द लग्जरी स्पा सेंटर में छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर में आपत्तिजनक गतिविधियां संचालित होती मिलीं। मौके से पुलिस ने दो एंट्री रजिस्टर, 4320 रुपये नकद और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की।कार्रवाई में स्पा सेंटर की मैनेजर पूनम निवासी दिल्ली, अतुल ठाकुर निवासी हल्द्वानी तथा ग्राहक कार्तिकेय निवासी फर्रुखाबाद (उत्तर प्रदेश) और नीरज सिंह निवासी कर्णप्रयाग (चमोली) को गिरफ्तार किया गया। मामले की जांच कोतवाल विजय मेहता को सौंपी गई है।पुलिस ने बताया कि छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर संचालक राहुल जायसवाल मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ भी नामजद मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।रेस्क्यू की गई छह युवतियों को काउंसलिंग के बाद मुखानी स्थित वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है, जहां उनकी आगे की काउंसलिंग कराई जाएगी। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार दो युवक कैंची धाम दर्शन के लिए क्षेत्र में आए थे और हल्द्वानी में रुकने के दौरान स्पा सेंटर पहुंचे थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, उक्त स्पा सेंटर को लेकर पहले भी शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि मामले में शामिल सभी आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है तथा फरार संचालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मानव तस्करी और देह व्यापार जैसे अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।मुख्य बिंदु:स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार।महिला मैनेजर समेत चार लोग गिरफ्तार।छह युवतियों को रेस्क्यू कर वन स्टॉप सेंटर भेजा गया।नकदी, रजिस्टर और आपत्तिजनक सामग्री बरामद।स्पा संचालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
