चमोली, 20 जून 2026। कर्णप्रयाग क्षेत्र में हाल ही में हुई घटना के बाद शनिवार को नगरासू गुरुद्वारे में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। हेमकुंड साहिब यात्रा पर आए कुछ निहंग सिखों के गुरुद्वारे की छत पर चढ़ने और परिसर पर कब्जा जमाने की सूचना मिलने के बाद प्रशासन एवं पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई। मामले को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि गुरुद्वारे में मौजूद कुछ निहंग सिखों ने सेवादार और एक बाबा के साथ मारपीट की, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए।कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से प्रशासन ने क्षेत्र में धारा 163 लागू कर दी है। आदेश के तहत पांच या अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने, जुलूस निकालने, धरना-प्रदर्शन करने, रैली आयोजित करने, हथियार लेकर चलने तथा भड़काऊ नारेबाजी करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था भंग करने या आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
