अल्मोड़ा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को अल्मोड़ा पहुंचे और जम्मू-कश्मीर के राजौरी क्षेत्र में सैन्य अभियान के दौरान वीरगति को प्राप्त पांच असम रेजिमेंट के अधिकारी लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के पांडेखोला स्थित आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।मुख्यमंत्री ने बलिदानी अधिकारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और साहस बनाए रखने का संदेश देते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राष्ट्र की रक्षा के लिए लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी द्वारा दिया गया सर्वोच्च बलिदान सदैव याद रखा जाएगा। उनका शौर्य, समर्पण और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अल्मोड़ा में शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी की स्मृति में एक भव्य स्मारक द्वार (गेट) का निर्माण कराया जाएगा, ताकि उनके बलिदान को सदैव सम्मानपूर्वक याद रखा जा सके।उन्होंने कहा कि देश अपने वीर सपूतों के त्याग और बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा तथा राज्य सरकार शहीदों के परिवारों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
