काशीपुर। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर एल.डी. भट्ट उप जिला चिकित्सालय, काशीपुर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुस्लिम राष्ट्र मंच उत्तराखंड के प्रदेश प्रांत संयोजक मोहम्मद अहमद एवं मीडिया प्रभारी शमशेर खान ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. संदीप दीक्षित सहित अस्पताल के चिकित्सकों को शॉल ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उन्हें राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में डॉ. प्रियंक, डॉ. मन्नू पांडे, डॉ. सत्यवीर, डॉ. अरुण, डॉ. पुनेरा सहित अन्य चिकित्सक एवं चिकित्सा कर्मी उपस्थित रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने चिकित्सकों की सेवा भावना और समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान की सराहना करते हुए कहा कि डॉक्टर केवल रोगों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि समाज को स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संदीप दीक्षित ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह दिवस देश के महान चिकित्सक, स्वतंत्रता सेनानी एवं पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. बिधान चंद्र रॉय की जयंती के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष 1 जुलाई को मनाया जाता है। मुस्लिम राष्ट्र मंच के प्रदेश प्रांत संयोजक मोहम्मद अहमद ने कहा कि चिकित्सकों का समर्पण, सेवा भावना और मानवता के प्रति उनकी निष्ठा पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर लोगों का जीवन बचाने और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्य करते हैं, इसलिए उनके योगदान का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस-2026 की थीम पर भी चर्चा की गई, जिसमें चिकित्सकों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल के महत्व पर विशेष बल दिया गया। समारोह के अंत में सभी उपस्थित चिकित्सकों, चिकित्सा कर्मियों एवं अतिथियों को नाश्ता एवं मिष्ठान वितरित किया गया। इस अवसर पर अस्पताल का चिकित्सा एवं नर्सिंग स्टाफ, मुस्लिम राष्ट्र मंच के पदाधिकारी तथा अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
