ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल परिसर में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण – जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ (सेवा पखवाड़ा) कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा वर्ष 2035 तक उत्तराखंड को विकसित प्रदेश बनाने के लक्ष्य की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के माध्यम से अधिकारी और कर्मचारी सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करेंगे तथा सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आज वे लोग सवाल उठा रहे हैं, जिन्हें जब प्रदेश की सेवा करने का अवसर मिला, तब विकास कार्यों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में राज्य सरकार ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, आधारभूत ढांचे के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, सड़क, खेल और निवेश सहित विभिन्न क्षेत्रों में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जनविश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्तराखंड को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
