ऊधम सिंह नगर में क्षेत्र पंचायत बैठकों का रोस्टर जारी, जिलाधिकारी ने सभी विकासखंडों के लिए नोडल अधिकारी किए नामित

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने शासन के निर्देशों के अनुपालन में जनपद के सभी विकासखंडों की क्षेत्र पंचायत बैठकों के लिए विस्तृत रोस्टर जारी करते हुए नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित तिथियों पर क्षेत्र पंचायत की बैठकें समयबद्ध ढंग से आयोजित की जाएं तथा संबंधित विभागों के अधिकारी स्वयं उपस्थित होकर जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।जारी रोस्टर के अनुसार विकासखंड सितारगंज में क्षेत्र पंचायत की बैठकें 25 जुलाई, 13 अक्टूबर 2026 और 20 जनवरी 2027 को आयोजित होंगी। यहां सहायक निदेशक मत्स्य को नोडल अधिकारी तथा कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी, रुद्रपुर को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।विकासखंड रुद्रपुर की बैठकें 29 जुलाई, 7 अक्टूबर 2026 और 5 जनवरी 2027 को आयोजित होंगी, जिनके लिए मुख्य कृषि अधिकारी को नोडल तथा जिला पर्यटन अधिकारी को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है।विकासखंड काशीपुर की क्षेत्र पंचायत बैठकें 5 अगस्त, 21 अक्टूबर 2026 और 29 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएंगी। यहां महाप्रबंधक उद्योग नोडल अधिकारी तथा कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी, काशीपुर सहायक नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी निभाएंगे।इसी प्रकार जसपुर में 12 अगस्त, 3 नवंबर 2026 और 3 फरवरी 2027, खटीमा में 21 अगस्त, 30 नवंबर 2026 और 17 फरवरी 2027, गदरपुर में 9 सितंबर, 7 दिसंबर 2026 और 12 मार्च 2027, जबकि बाजपुर में 23 सितंबर, 22 दिसंबर 2026 और 17 मार्च 2027 को क्षेत्र पंचायत बैठकों का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक विकासखंड के लिए अलग-अलग नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जो बैठकों की निगरानी एवं समन्वय की जिम्मेदारी निभाएंगे।जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि निर्धारित तिथि पर किसी अपरिहार्य कारणवश राजकीय अवकाश घोषित होता है, तो संबंधित खंड विकास अधिकारी अगले कार्य दिवस पर बैठक आयोजित कर इसकी सूचना सभी संबंधित पक्षों को उपलब्ध कराएंगे।उन्होंने लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, पेयजल निगम, विद्युत, शिक्षा, समाज कल्याण, राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सहित सभी संबंधित विभागों के सक्षम अधिकारियों को क्षेत्र पंचायत बैठकों में स्वयं उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि विकास कार्यों से जुड़े प्रस्तावों एवं जनसमस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जा सके।जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि क्षेत्र पंचायत बैठकों में किसी भी निर्वाचित पंचायत सदस्य के स्थान पर उनके परिवार के किसी सदस्य को बैठक कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि बैठकों की गरिमा बनाए रखने तथा निर्णय प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए केवल अधिकृत जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित अधिकारियों की ही उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment