नन्हीं छात्रा से मिले मुख्यमंत्री धामी, सपनों और पढ़ाई पर किया आत्मीय संवाद; बोले— बेटियां ही उत्तराखंड की सबसे बड़ी शक्ति

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून स्थित पुलिस लाइन हेलिपैड पर एक स्कूली छात्रा से आत्मीय मुलाकात कर उसके सपनों, पढ़ाई और भविष्य को लेकर स्नेहपूर्ण संवाद किया। इस भावुक मुलाकात का वीडियो मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया, जिसे लोगों की ओर से काफी सराहना मिल रही है।मुख्यमंत्री ने वीडियो साझा करते हुए लिखा कि “आज एक प्यारी बिटिया से उसके सपनों, पढ़ाई और भविष्य को लेकर स्नेहपूर्वक बातचीत की। हमारे नौनिहालों की मुस्कान में उत्तराखंड के सुनहरे कल की झलक दिखाई देती है।” उन्होंने कहा कि बच्चों के सपने ही राज्य के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं बच्ची के पास पहुंचे और उससे उसकी पढ़ाई, पसंदीदा विषय, भविष्य की योजनाओं और जीवन के लक्ष्यों के बारे में विस्तार से बातचीत की। उन्होंने बच्ची का उत्साहवर्धन करते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने, बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि बेटियां उत्तराखंड की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उनका सुरक्षित, शिक्षित और सशक्त भविष्य सुनिश्चित करना राज्य सरकार का संकल्प है। उन्होंने कहा कि सरकार बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रभावी योजनाएं संचालित कर रही है, ताकि प्रदेश की प्रत्येक बेटी अपने सपनों को साकार कर सके।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां प्रत्येक बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और समान अवसरों के साथ अपने भविष्य का निर्माण कर सके। बच्चों की मुस्कान और उनके आत्मविश्वास से ही विकसित, समृद्ध और सशक्त उत्तराखंड की तस्वीर उभरती है।मुख्यमंत्री की यह आत्मीय मुलाकात सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है। बड़ी संख्या में लोगों ने इसे बच्चों के प्रति संवेदनशीलता और शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश देने वाला प्रेरणादायी प्रयास बताया है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment