UKSSSC पेपर लीक मामला: ईडी ने हाकम सिंह की 63 लाख की संपत्ति अटैच, जांच में करोड़ों की वसूली का खुलासा

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) पेपर लीक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हाकम सिंह की करीब 63 लाख रुपये की चल एवं अचल संपत्ति अटैच कर दी है। ईडी की जांच में खुलासा हुआ है कि हाकम सिंह ने विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के अभ्यर्थियों से कथित तौर पर करीब एक करोड़ रुपये की वसूली की थी।जांच के अनुसार, यह रकम स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा और वीपीडीओ (ग्राम पंचायत विकास अधिकारी) भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों से ली गई थी। ईडी की जांच में यह भी सामने आया है कि परीक्षाओं का आयोजन करने वाली आरएमएस टेक सॉल्यूशन के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की भी कथित रूप से मामले में मिलीभगत थी। फिलहाल प्रवर्तन निदेशालय इस पूरे मामले में धनशोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) के पहलुओं की जांच कर रहा है।इस मामले में हाकम सिंह पर पहले भी विभिन्न कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की गई थी, लेकिन उस समय नकल और पेपर लीक से जुड़े कानून में कड़े प्रावधान नहीं थे। अब वह उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम एवं उपाय) अधिनियम, 2023 के तहत भी कार्रवाई का सामना कर रहा है।इस कानून के तहत यदि कोई व्यक्ति, परीक्षा केंद्र का प्रबंधन, कोचिंग संस्थान, प्रिंटिंग प्रेस या परीक्षा आयोजन से जुड़ा कोई भी व्यक्ति पेपर लीक या अन्य अनुचित साधनों में शामिल पाया जाता है, तो उसके लिए आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। साथ ही यह अपराध संज्ञेय, गैर-जमानती और अशमनीय श्रेणी में रखा गया है।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment