डीएम नितिन भदौरिया की पहल, बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित, छात्राओं को दी गई महत्वपूर्ण कानूनी एवं सुरक्षा संबंधी जानकारी

रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया एवं मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी के निर्देशानुसार बुधवार को सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज, रुद्रपुर में बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों से संबंधित व्यापक जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा से जुड़े कानूनों तथा विभिन्न सरकारी सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक बनाना था, ताकि वे किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न या अपराध की स्थिति में सही समय पर उचित सहायता प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति, पुलिस विभाग की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू), चिकित्सा विभाग, बाल विकास विभाग तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के प्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए छात्राओं को बाल अधिकार, बाल विवाह निषेध, बाल श्रम उन्मूलन, पोक्सो अधिनियम, मानव तस्करी की रोकथाम, साइबर अपराधों से बचाव तथा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस दौरान छात्राओं को बताया गया कि बाल विवाह बच्चों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं शैक्षिक विकास पर गंभीर और दीर्घकालिक नकारात्मक प्रभाव डालता है, इसलिए इसका विरोध करना और समय रहते इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। साथ ही छात्राओं को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस हेल्पलाइन 112 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के महत्व से अवगत कराते हुए किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, शोषण, उत्पीड़न या साइबर अपराध की जानकारी तुरंत संबंधित हेल्पलाइन पर देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विद्यालय की सभी छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को सुरक्षित, जागरूक एवं सशक्त बनाने के साथ-साथ बाल संरक्षण से संबंधित योजनाओं, कानूनी प्रावधानों और सहायता सेवाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment