देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों के संरक्षण, सुंदरीकरण एवं आधारभूत विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की हैं। मुख्यमंत्री ने राज्य के पांच मंदिरों के सुंदरीकरण एवं निर्माण कार्यों के लिए कुल 3.45 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इसके अंतर्गत जनपद पौड़ी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र यमकेश्वर स्थित विकासखंड द्वारीखाल के कठुड़ बड़ा, देवीखाल में स्थित मां बाल कुंवारी माता मंदिर के सुंदरीकरण कार्य हेतु कुल 72.67 लाख रुपये की स्वीकृत लागत में से प्रथम किस्त के रूप में 43.60 लाख रुपये जारी किए गए हैं। वहीं विकासखंड दुगड्डा स्थित महाबगढ़ मंदिर के सुंदरीकरण कार्य के लिए स्वीकृत 1.69 करोड़ रुपये में से प्रथम किस्त के रूप में 1.02 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई है। इसके अलावा जनपद पिथौरागढ़ के विधानसभा क्षेत्र डीडीहाट में स्थित हरिचंद देवता मंदिर के मास्टर प्लान के लिए 1.42 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसमें से प्रथम चरण के लिए 85.08 लाख रुपये जारी किए गए हैं। इन स्वीकृतियों का उद्देश्य मंदिरों के सुंदरीकरण, आधारभूत सुविधाओं के विकास तथा श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ अन्य विकास कार्यों के लिए भी वित्तीय मंजूरी दी है। चंपावत जनपद में तामली से रूपालीगाड़ मोटर मार्ग के निर्माण हेतु 79.44 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है, जबकि नई टिहरी क्षेत्र में जंगली जानवरों से लोगों की सुरक्षा के लिए 93.85 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की गई है। इसके अतिरिक्त देहरादून स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब को खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से खेल सामग्री उपलब्ध कराने के लिए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी स्वीकृत की गई है। मुख्यमंत्री द्वारा दी गई इन वित्तीय स्वीकृतियों से धार्मिक स्थलों के विकास, सड़क एवं सुरक्षा संबंधी परियोजनाओं को गति मिलने के साथ-साथ प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनहित से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
