हाईवे पर औचक निरीक्षण में 9 पुलिसकर्मी निलंबित, ड्यूटी में लापरवाही पर एसएसपी अजय गणपति का बड़ा एक्शन

रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने मंगलवार देर रात हाईवे पर पुलिस चेकिंग व्यवस्था का औचक निरीक्षण कर ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। फायरिंग की सूचना मिलने के बाद एसएसपी स्वयं निजी वाहन से रात करीब 12 बजे हाईवे पर बनाए गए विभिन्न चेकिंग प्वाइंटों का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान कई पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल से अनुपस्थित मिले, जबकि कुछ पुलिसकर्मियों ने कंट्रोल रूम एवं वरिष्ठ अधिकारियों को गलत लोकेशन बताकर ड्यूटी पर होने की जानकारी दी। मामले को गंभीर अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही मानते हुए एसएसपी ने तत्काल 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया, जबकि 4 अन्य पुलिसकर्मियों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।जानकारी के अनुसार 4/5 अगस्त की रात पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि पंतनगर क्षेत्र के पास सफेद रंग की स्कॉर्पियो में सवार कुछ युवकों द्वारा एक व्यक्ति पर फायरिंग की गई है और वाहन काशीपुर की ओर जाता देखा गया है। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम ने थाना पंतनगर सहित रुद्रपुर से जसपुर बॉर्डर तक सभी थाना प्रभारियों को हाईवे पर सघन चेकिंग और नाकाबंदी करने के निर्देश जारी किए। इसी दौरान एसएसपी अजय गणपति ने स्वयं मौके की स्थिति का जायजा लेने का निर्णय लिया और निजी वाहन से महतोष, सरकड़ी तिराहा, दोराहा तथा परमानन्दपुर हाईवे पर स्थापित चेकिंग प्वाइंटों का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान रात्रि अधिकारी, चीता मोबाइल और गश्त पार्टी से जुड़े कई पुलिसकर्मी अपने निर्धारित ड्यूटी प्वाइंट पर मौजूद नहीं मिले। कुछ पुलिसकर्मियों ने कंट्रोल रूम को गलत लोकेशन देकर ड्यूटी पर होने का दावा किया, लेकिन मौके पर उनकी अनुपस्थिति पाए जाने के बाद एसएसपी ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना। तत्काल कार्रवाई करते हुए 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया, जबकि 4 अन्य से स्पष्टीकरण मांगा गया है। एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि जनपद में ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता या वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment