देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही वर्षा और मौसम विभाग द्वारा जारी आगामी मौसम चेतावनियों को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की आपदा तैयारियों की समीक्षा करते हुए सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन से दूरभाष पर विभिन्न जिलों की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने राज्यभर में संभावित आपदा की परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी आपदा प्रबंधन एवं राहत एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से संवेदनशील और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने, नदी-नालों के जलस्तर पर सतत दृष्टि बनाए रखने तथा जोखिम वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को बिना विलंब सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने मुख्यमंत्री को बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा राज्य के विभिन्न जिलों के लिए मौसम संबंधी अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार गुरुवार के लिए देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट, जबकि राज्य के शेष जनपदों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने कई स्थानों पर तेज वर्षा, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना व्यक्त की है। इसे देखते हुए सभी संबंधित विभागों, जिला प्रशासनों और राहत एजेंसियों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र भी प्रदेशभर की स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है और विभिन्न जिलों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आवश्यक समन्वय स्थापित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएं, ताकि जन-धन की हानि को न्यूनतम रखा जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
