देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ पार्टी इसी महीने से ‘बूथ जीतो अभियान’ शुरू करेगी। संगठन महासचिव बी.एल. संतोष की अध्यक्षता में आयोजित भाजपा राज्य कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक में चुनावी रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित कोर ग्रुप के सभी वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। करीब तीन घंटे तक चली बैठक में संघ और भाजपा के आंतरिक सर्वे की रिपोर्ट पर गंभीर चर्चा की गई तथा विभिन्न क्षेत्रों में संगठन की स्थिति, जनभावनाओं और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में चुनाव से पहले प्रदेशभर में विकास यात्रा निकालने, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और लखपति दीदी सम्मेलन आयोजित करने की रूपरेखा भी तैयार की गई, ताकि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।बैठक में सांसदों, विधायकों, मंत्रियों, पूर्व मंत्रियों और पूर्व सांसदों के क्षेत्रवार प्रवास कार्यक्रम पर भी विस्तार से चर्चा हुई। पार्टी ने निर्देश दिए हैं कि अगले महीने से सभी जनप्रतिनिधि अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में नियमित प्रवास करेंगे और स्थानीय लोगों से सीधे संवाद स्थापित करेंगे। इस दौरान उन्हें संबंधित क्षेत्रों में रात्रि विश्राम भी करना होगा, ताकि जनता की समस्याओं, सुझावों और स्थानीय मुद्दों को नजदीक से समझा जा सके। बैठक में उन विधानसभा क्षेत्रों पर भी विशेष चर्चा हुई, जहां स्थानीय स्तर पर विधायकों के प्रति नाराजगी की जानकारी सामने आई है। पार्टी नेतृत्व ने राज्य इकाई को निर्देश दिए कि ऐसे जनप्रतिनिधियों से चुनाव पूर्व किए गए स्थानीय वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए और जनता के बीच विश्वास मजबूत किया जाए।बैठक में आगामी सितंबर माह से केंद्रीय नेताओं के उत्तराखंड दौरे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में प्रस्तावित जनसभाओं की रूपरेखा तैयार करने पर भी सहमति बनी। राज्य इकाई को निर्देश दिए गए हैं कि अगले महीने से लेकर चुनाव अधिसूचना जारी होने तक केंद्रीय नेताओं के कार्यक्रमों और प्रधानमंत्री की सभाओं का विस्तृत खाका तैयार किया जाए। भाजपा का उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय बनाना, कार्यकर्ताओं को चुनावी अभियान से जोड़ना तथा सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाकर आगामी विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक के लक्ष्य को हासिल करना है।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
