देहरादून। दिल्ली में आयोजित भाजपा की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक के बाद संगठन और सरकार आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए दो माह के विस्तृत एक्शन प्लान के साथ उत्तराखंड लौटे हैं। बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी विधायक मानसून के दौरान अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में लगातार मौजूद रहेंगे और प्राकृतिक आपदा, बारिश तथा अन्य विषम परिस्थितियों में लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जनता के सुख-दुख में सहभागी बनें और अपने चुनावी वादों को धरातल पर उतारने के लिए सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय के साथ समन्वय बनाए रखें, ताकि स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान कराया जा सके। बैठक में इस बात पर भी विशेष जोर दिया गया कि संगठन का पारंपरिक वोट बैंक मजबूत बना रहे और ऐसे पुराने कार्यकर्ताओं तक दोबारा पहुंच बनाई जाए, जो किसी कारणवश स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। इसी उद्देश्य से अगले दो माह के संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है, ताकि अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके और बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत बनाया जा सके।बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पदाधिकारियों ने भी जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों की सक्रियता बढ़ाने पर बल दिया। निर्णय लिया गया कि विधायकों, संगठन के पदाधिकारियों और दायित्वधारियों की गतिविधियों पर भी नियमित निगरानी रखी जाएगी तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि वे अपने क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क बनाए रखें। आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति के तहत भाजपा ने जातिगत राजनीति के बजाय समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बनाने पर विशेष फोकस करने का निर्णय लिया है। महिलाओं, युवाओं, पूर्व सैनिकों और अन्य सामाजिक वर्गों को संगठन से जोड़ने के लिए अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में यह भी चर्चा हुई कि सितंबर माह से अग्निवीर योजना के तहत पहला बैच सेवा पूर्ण कर वापस लौटना शुरू होगा। ऐसे युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए अग्निवीर सेल के माध्यम से विशेष योजना तैयार की जाएगी। पूर्व सैनिकों की बड़ी संख्या को देखते हुए उनके लिए भी अलग रणनीति बनाई जाएगी, ताकि उन्हें संगठन और सरकार की योजनाओं से प्रभावी रूप से जोड़ा जा सके। भाजपा का मानना है कि व्यापक जनसंपर्क, बूथ स्तर की मजबूती और विभिन्न वर्गों के बीच सक्रिय संवाद के माध्यम से आगामी चुनावों में संगठन को और अधिक मजबूत आधार मिलेगा।
संपादक : एफ यू खान
संपर्क: +91 9837215263
