सीएम धामी ने जल जीवन मिशन की समीक्षा की, हर घर जल का लक्ष्य समय पर पूरा करने के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में जल जीवन मिशन की प्रगति, वित्तीय स्थिति, योजनाओं के संचालन एवं रख-रखाव तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में प्रदेश में संचालित जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति, ग्रामीण परिवारों तक नल से जल की पहुंच एवं उसके सत्यापन, पेयजल की गुणवत्ता, वित्तीय प्रबंधन तथा योजनाओं के नियमित संचालन और रख-रखाव से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रदेश में हर घर जल के लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने तथा शेष पात्र ग्रामीण परिवारों को निर्धारित समयसीमा के भीतर नल कनेक्शन से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन की सफलता केवल घरों में नल कनेक्शन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसका वास्तविक उद्देश्य प्रत्येक परिवार तक नियमित, पर्याप्त, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने पूर्ण हो चुकी पेयजल योजनाओं का स्थलीय सत्यापन कराने के भी निर्देश दिए, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि योजनाओं का लाभ वास्तव में संबंधित ग्रामीण परिवारों तक पहुंच रहा है और जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावी रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने निर्माणाधीन और लंबित पेयजल योजनाओं को मिशन मोड में लेते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने जिलाधिकारियों को संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जलापूर्ति योजना की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा करने पर भी जोर दिया, ताकि कार्यों की वास्तविक स्थिति की लगातार निगरानी हो सके और जहां भी सुधार या अतिरिक्त कार्रवाई की आवश्यकता हो, वहां समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें। उन्होंने अधिकारियों को जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत एवं संचालित योजनाओं की गुणवत्ता, उपयोगिता और नियमित संचालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को लंबे समय तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सके।

Profile Picture

संपादक : एफ यू खान

संपर्क: +91 9837215263

संबंधित ख़बरें

Leave a Comment